Thursday, 16 April 2026

राजस्थान पुलिस के स्थापना दिवस का समापन: सांस्कृतिक संध्या और बड़े खाने में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिसकर्मियों को परोसा खाना


राजस्थान पुलिस के स्थापना दिवस का समापन: सांस्कृतिक संध्या और बड़े खाने में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिसकर्मियों को परोसा खाना
बड़े खाने में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने पुलिसकर्मियों को परोसा खाना

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में राजस्थान पुलिस के 77 वें स्थापना दिवस समारोह का समापन गुरुवार शाम राजस्थान पुलिस अकादमी (RPA) स्टेडियम में भव्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ हुआ। रंग-बिरंगे मंच और आकर्षक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को उत्सवमय बना दिया, जहां पुलिस परिवार और दर्शकों ने इस खास शाम का भरपूर आनंद लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण लोक संगीत और पुलिस अधिकारियों की प्रस्तुतियों का अनूठा संगम रहा। प्रसिद्ध लोक गायक स्वरूप खान ने ‘केसरिया बालम’ जैसे गीतों से माहौल को सुरमय बनाया। इसके बाद एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार, डीआईजी डॉ. रवि, एएसपी निशांत भारद्वाज सहित कई अधिकारियों ने अपनी गायकी से दर्शकों का दिल जीत लिया।

सांस्कृतिक संध्या में मिताली गर्ग, हेड कांस्टेबल कुशल सिंह, अंतिम शर्मा और डॉ. हेमंत जाखड़ जैसे कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। वहीं डांस ग्रुप और कोरस टीम ने ऊर्जावान प्रस्तुतियों से माहौल में जोश भर दिया। पुलिस बैंड की अनुशासित धुनों ने कार्यक्रम को भव्य समापन दिया।

इस अवसर पर आयोजित ‘बड़ा खाना’ भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां राजीव कुमार शर्मा ने स्वयं पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को अपने हाथों से भोजन परोसा। इस पहल ने पुलिस परिवार के बीच आत्मीयता और सम्मान की भावना को और मजबूत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भक्तिमय भजनों से हुई, जिसके बाद सदाबहार गीतों और देशभक्ति गीतों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। मंच संचालन डीवाईएसपी दीपक जोशी और एसआई डॉ. महेश सोलंकी ने किया, जिन्होंने पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा।

इस गरिमामयी समारोह में सेवानिवृत्त डीजीपी एम.एल. लाठर, डीजी संजय अग्रवाल, गोविंद गुप्ता, अनिल पालीवाल, आनंद श्रीवास्तव और गृह सचिव अंजलि राजोरिया सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और अतिथि मौजूद रहे। यह आयोजन न केवल पुलिस बल की परंपरा और गौरव का प्रतीक बना, बल्कि सांस्कृतिक समन्वय और आपसी जुड़ाव का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता है।

    Previous
    Next

    Related Posts