Thursday, 16 April 2026

खण्डेला धाम से जागरण भारत रथ यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत, चोमू में हुआ भव्य स्वागत


खण्डेला धाम से जागरण भारत रथ यात्रा के तीसरे चरण की शुरुआत, चोमू में हुआ भव्य स्वागत

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

राजस्थान के खण्डेला स्थित खण्डेलवाल वैश्य समाज के प्रमुख तीर्थ “खण्डेलवाल वैश्य धाम” से जागरण भारत रथ यात्रा के तीसरे चरण का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह यात्रा 15 अप्रैल 2026 को गणेश मंदिर, खण्डेला धाम से संस्थापक एवं आजीवन मैनेजिंग ट्रस्टी पुरुषोत्तम गुप्ता, अध्यक्ष आर.सी. गुप्ता (झालाणी) और महामंत्री रमेशचन्द्र खण्डेलवाल के नेतृत्व में प्रारंभ हुई।

इस यात्रा का उद्देश्य खण्डेलवाल वैश्य समाज के उद्गम स्थल और तीर्थ खण्डेला धाम के प्रति जागरूकता फैलाना और समाज को एकजुट करना है। अखिल भारत वर्षीय खण्डेलवाल वैश्य महासभा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी प्रोफेसर रमेश कुमार रावत ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे समाज के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया।

यात्रा के क्रम में 16 अप्रैल को यह रथ चोमू पहुंचा, जहां खण्डेलवाल समाज के पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने इसका भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में समाज के अध्यक्ष मुकेश खुटेटा, उपाध्यक्ष गोविंद झालानी, मंत्री वीरेंद्र खण्डेलवाल सहित कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन व महिलाएं उपस्थित रहीं।

इस दौरान यात्रा के माध्यम से समाज के तीर्थस्थल, कुलदेवी परंपरा और धार्मिक मान्यताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। रथ में विराजमान 72 गौत्रों की 37 कुलदेवी माताओं, भगवान गणेश, शिव, हनुमान, कालभैरव, गंगा और सरस्वती माता सहित समाज के संत सुंदरदास जी और बलरामदास जी महाराज की आरती कर भोग अर्पित किया गया।

इससे पहले यात्रा के पहले और दूसरे चरण में गुजरात, महाराष्ट्र और राजस्थान के उदयपुर, जोधपुर, अजमेर, किशनगढ़, बालोतरा, सिरोही और पाली सहित कई शहरों में पहुंचकर समाज में जागरूकता का संदेश दिया जा चुका है। यह यात्रा अब देशभर में समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को सुदृढ़ करने का माध्यम बन रही है।

Previous
Next

Related Posts