Thursday, 16 April 2026

जयपुर छेड़छाड़ केस का आरोपी राहुल गुर्जर मुरैना कोर्ट में सरेंडर, पुलिस लाएगी जयपुर


जयपुर छेड़छाड़ केस का आरोपी राहुल गुर्जर मुरैना कोर्ट में सरेंडर, पुलिस लाएगी जयपुर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में गर्भवती महिला से छेड़छाड़ के चर्चित मामले में फरार चल रहा आरोपी राहुल गुर्जर ने आखिरकार मध्यप्रदेश के मुरैना की जिला अदालत में सरेंडर कर दिया। आरोपी बुधवार सुबह करीब 11 बजे कोर्ट में पेश हुआ, जहां उसके वकील ने एक पुराने डकैती मामले में आत्मसमर्पण कराया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। वायरल वीडियो में वह दाढ़ी-मूंछ में नजर आ रहा था, लेकिन कोर्ट में पेश होने से पहले उसने क्लीन शेव करवा ली, ताकि पहचान से बच सके।

यह मामला तब सुर्खियों में आया जब जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में गर्भवती महिला से अभद्रता का वीडियो सामने आया था। घटना के बाद राजस्थान पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई थी। जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के रिठौरा थाने में दर्ज 2018 के डकैती मामले की जानकारी भी सामने आई।

बताया जा रहा है कि उस मामले में राहुल पहले गिरफ्तार होकर जमानत पर रिहा हो चुका था, लेकिन पिछले एक साल से कोर्ट में पेश नहीं हो रहा था। लगातार गैरहाजिरी के चलते उसे फरार घोषित कर दिया गया था। इसी दबाव में उसने मुरैना कोर्ट में आत्मसमर्पण किया। सरेंडर की खबर फैलते ही कोर्ट परिसर में लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

इस मामले में डीसीपी (ईस्ट) रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस आरोपी को ग्वालियर से जयपुर लेकर आएगी और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी राहुल उर्फ राज ग्वालियर के बिजौली क्षेत्र के सरसपुरा गांव का निवासी है।

पुलिस ने आरोपी के एक साथी शुभम उर्फ सिद्धार्थ को भी जयपुर से हिरासत में लिया है, जो शहर में स्पा सेंटर संचालित करता था और आरोपी को शरण देने के आरोप में उससे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, डकैती और मारपीट सहित करीब 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उल्लेखनीय है कि 25 मार्च की शाम को हुई इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला काफी चर्चा में आ गया था और आरोपी की तलाश तेज कर दी गई थी।

Previous
Next

Related Posts