



कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें से 6-7 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा देर रात करीब 11:40 बजे फोरलेन हाईवे पर आंवली-रोजड़ी के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, एक निजी यात्री बस अहमदाबाद से कोटा होते हुए भिंड-मुरैना की ओर जा रही थी, जिसमें 50 से अधिक यात्री सवार थे। इसी दौरान बस का शीशा अचानक तड़क गया, जिससे तेज आवाज हुई और यात्रियों में घबराहट फैल गई। इससे चालक का ध्यान भटक गया और बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जाकर पलट गई। हादसे के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
एक घायल महिला ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही बस मिड-वे पर रुकी थी और करीब 15 मिनट पहले ड्राइवर बदला गया था। अचानक हुए हादसे में उसका पति, जो केबिन में सो रहा था, गंभीर रूप से घायल हो गया। महिला ने रोते हुए अपने पति को बचाने की गुहार लगाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच गए और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया। डीएसपी मनीष शर्मा के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सभी घायलों को तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। मौके पर देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सतर्कता की आवश्यकता को उजागर करता है।