Wednesday, 15 April 2026

जयपुर में सफाई सेवा मैराथन-2026: 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ चलेगा महाअभियान


जयपुर में सफाई सेवा मैराथन-2026: 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ चलेगा महाअभियान

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में स्वच्छता को नई दिशा देने के उद्देश्य से जयपुर नगर निगम ने अब तक का सबसे बड़ा सफाई अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के नेतृत्व में 18 अप्रैल को “सफाई सेवा मैराथन-2026” आयोजित किया जाएगा। इस अभियान के तहत सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक शहर के 13 जोन और 150 वार्डों में एक साथ व्यापक सफाई कार्य किया जाएगा। खास बात यह है कि इस दौरान निगम के अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह फील्ड में मौजूद रहकर अभियान को सफल बनाएंगे।

इस महाअभियान की रूपरेखा को अंतिम रूप देने के लिए निगम मुख्यालय में बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयुक्त ने अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल प्रशासनिक पहल नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक बड़ा आंदोलन है, जिसका उद्देश्य “स्वच्छ जयपुर, सुंदर जयपुर” के संकल्प को साकार करना है।

अभियान को प्रतिस्पर्धात्मक और प्रभावी बनाने के लिए स्वच्छता निरीक्षकों (CSI) की रैंकिंग तय की जाएगी। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों और उनकी टीमों को सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सीएसआई को 21 हजार रुपये, उनकी टीम के एसआई को 11 हजार रुपये और प्रत्येक जमादार को 1100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को भी क्रमशः 11 हजार और 5100 रुपये तक की राशि प्रदान की जाएगी। यह प्रोत्साहन राशि सीएसआर के तहत राजस्थान सोलर एसोसिएशन द्वारा दी जाएगी।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को “स्वच्छता हीरो” और “स्टार ऑफ नगर निगम” के रूप में सम्मानित किया जाएगा। उनकी तस्वीरें एक महीने तक निगम कार्यालय में प्रदर्शित की जाएंगी, ताकि अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिल सके।आयुक्त ओम कसेरा ने विश्वास जताया कि यह अभियान शहर की सफाई व्यवस्था में बड़ा बदलाव लाएगा और जयपुर को स्वच्छता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा। उन्होंने आमजन से भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की, ताकि इसे एक जनआंदोलन का रूप दिया जा सके और शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाया जा सके।

Previous
Next

Related Posts