Wednesday, 15 April 2026

गणेश पूजन के साथ परशुराम जन्मोत्सव का शुभारंभ, अजमेर में निकली भव्य शोभायात्रा


गणेश पूजन के साथ परशुराम जन्मोत्सव का शुभारंभ, अजमेर  में निकली भव्य शोभायात्रा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

अजमेर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का शुभारंभ पारंपरिक विधि-विधान और भव्य शोभायात्रा के साथ किया गया। राजस्थान ब्राह्मण महासभा के नेतृत्व में ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों ने संयुक्त रूप से राजराजेश्वरी महादेव मंदिर से जुलूस निकाला, जो शहर के प्रमुख मार्गों—म्यूजियम चौपड़, नया बाजार होते हुए आगरा गेट गणेश मंदिर पहुंचा। यहां विधिवत पूजन कर पांच दिवसीय भगवान परशुराम जन्मोत्सव की सफलता के लिए प्रार्थना की गई।

शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों, भगवा पताकाओं और परशुराम दुपट्टों के साथ बड़ी संख्या में समाज के लोग और मातृशक्ति शामिल हुईं, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा सहित पंडित सुदामा शर्मा, डॉ. कुलदीप शर्मा, जे.के. शर्मा, भोलाराम शर्मा, सुशील कुमार पारीक, लोकेश मिंडा, देवेंद्र त्रिपाठी, बलराम शर्मा, ई. अशोक शर्मा, रमा शर्मा, दिनेश शर्मा सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

इस अवसर पर 19 अप्रैल 2026 को पुष्कर में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय परशुराम जन्मोत्सव की जानकारी भी दी गई। यह आयोजन गायत्री महायज्ञ स्थल पर संत प्रखर जी महाराज और अन्य संतों के सानिध्य में होगा, जिसमें देश-विदेश से ब्राह्मण समाज के लोग शामिल होंगे। इसी दिन 43 दिवसीय शत गायत्री पुनश्चरण महायज्ञ की पूर्णाहुति भी संपन्न होगी।

कार्यक्रम के दौरान समाज के चयनित व्यक्तियों को ब्राह्मण गौरव, विप्र गौरव, विप्र रत्न, विप्र शिरोमणि और विप्र पद्म जैसे सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। इसके अलावा शाम 4 बजे मार्टिन ब्रिज स्थित परशुराम मंदिर से विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए परशुराम सर्किल पर समाप्त होगी।

आयोजन समिति के अनुसार, पांच दिवसीय इस उत्सव के दौरान विभिन्न ब्राह्मण संगठनों द्वारा रंगोली, खेलकूद प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का संदेश भी देगा।

Previous
Next

Related Posts