



जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिला कलेक्टर संदेश नायक ने राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मैचों के दौरान दर्शकों की सुरक्षा, सुविधाओं और मानकों का पूरी तरह पालन किया जाना अनिवार्य होगा।
बैठक में कलक्टर ने राजस्थान रॉयल्स प्रबंधन, राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान सभी व्यवस्थाएं तय मानकों के अनुसार की जाएं। विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगों के लिए अलग से सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कलक्टर ने निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के लिए स्टेडियम तक पहुंचने हेतु अलग रैम्प और शौचालयों की व्यवस्था की जाए। साथ ही टिकटों की उपलब्धता उचित दरों पर सुनिश्चित करने, आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने और दिन के मैचों में दर्शकों के लिए मुफ्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन सख्त नजर आया। जिला रसद अधिकारी और खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि स्टेडियम में परोसे जाने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की नियमित जांच की जाए और अस्थायी रसोईयों में स्वच्छता बनाए रखी जाए।
स्वास्थ्य और आपात सेवाओं के तहत स्टेडियम परिसर में एंबुलेंस के साथ प्रशिक्षित मेडिकल टीम की तैनाती, विभिन्न स्थानों पर मेडिकल कियोस्क की स्थापना और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, सुरक्षा के दृष्टिकोण से दर्शकों की सघन जांच, अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता और भीड़ नियंत्रण के लिए व्यापक योजना तैयार करने पर जोर दिया गया।
कलक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान चप्पे-चप्पे पर डीआरटी टीम, महिला स्वयंसेवक, सुरक्षा गार्ड और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों की तैनाती की जाए। साथ ही एक नियंत्रण कक्ष स्थापित कर पूरे आयोजन की निगरानी की जाएगी और यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
प्रशासन द्वारा जारी इन विस्तृत निर्देशों का उद्देश्य IPL 2026 के मैचों को सुरक्षित, व्यवस्थित और दर्शकों के लिए सुविधाजनक बनाना है, ताकि जयपुर में होने वाले इस बड़े खेल आयोजन का संचालन सुचारू रूप से किया जा सके।