Wednesday, 15 April 2026

जयपुर में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन”: महिला आरक्षण को बताया ऐतिहासिक कदम: भजनलाल शर्मा


जयपुर में “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन”: महिला आरक्षण को बताया ऐतिहासिक कदम: भजनलाल शर्मा

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर में 15 अप्रैल को प्रदेश स्तरीय “नारी शक्ति वंदन सम्मेलन” का आयोजन शहर के बिड़ला ऑडिटोरियम में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11:30 बजे हुई और इसमें मुख्य अतिथि के रूप में भजनलाल शर्मा शामिल हुए। आयोजन की शुरुआत तलवार संघ द्वारा प्रस्तुत तलवारबाजी से की गई, जिसने कार्यक्रम को पारंपरिक और प्रेरणादायक स्वरूप दिया।

इस सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, महिला राज्य मंत्री मंजू बाघमार, जयपुर शहर सांसद मंजू शर्मा, विधायक बालमुकुंदाचार्य तथा पूर्व महापौर डॉ. सौम्या गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

सम्मेलन  में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम को देश के लिए एक ऐतिहासिक और संवैधानिक बदलाव बताया। उन्होंने कहा कि अब लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी, जिससे भविष्य में हर तीसरी आवाज सदनों में महिलाओं की होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे नीति निर्माण में महिलाओं का दृष्टिकोण शामिल होगा और शिक्षा, स्वास्थ्य व सुरक्षा जैसे मुद्दों पर अधिक ध्यान दिया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज की छात्राएं ही भविष्य की विधायक और सांसद बनेंगी और देश का नेतृत्व करेंगी। उन्होंने इस बदलाव को सामाजिक सोच में परिवर्तन का माध्यम बताते हुए कहा कि इससे समाज में बेटियों के प्रति नजरिया बदलेगा और उन्हें बोझ नहीं, बल्कि गर्व के रूप में देखा जाएगा।

उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे इस अधिनियम का समर्थन करें और इसके लिए एक विशेष नंबर पर मिस्ड कॉल देकर अपनी सहभागिता दर्ज कराएं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं से मोबाइल की टॉर्च जलाकर समर्थन जताने का भी आग्रह किया गया, जिससे पूरे सभागार में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला।

यह सम्मेलन महिला सशक्तिकरण, राजनीतिक भागीदारी और सामाजिक बदलाव के संदेश को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ, जिसमें महिलाओं को नेतृत्व के लिए प्रेरित करने पर विशेष जोर दिया गया।

Previous
Next

Related Posts