


सवाई माधोपुर जिले में पुलिसकर्मियों के लिए एक सराहनीय और मानवीय पहल की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए कॉन्स्टेबल से लेकर एएसआई स्तर तक के पुलिसकर्मियों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को उनके तथा उनके परिवार के सदस्यों के जन्मदिन पर अवकाश देने की अनुमति प्रदान की है।
पुलिसकर्मी इस आदेश के तहतअब अपने स्वयं के साथ-साथ अपनी पत्नी, माता-पिता और बच्चों के जन्मदिन पर छुट्टी ले सकेंगे। यह निर्णय पुलिस बल के भीतर कार्यरत कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। अक्सर देखा जाता है कि पुलिसकर्मी अपनी कठोर ड्यूटी, लंबे कार्य समय और लगातार दबाव के कारण परिवार के महत्वपूर्ण अवसरों में शामिल नहीं हो पाते। ऐसे में यह पहल उनके लिए न केवल राहत देने वाली है, बल्कि उनके मनोबल को भी मजबूत करेगी।
पुलिस विभाग में इस निर्णय को सकारात्मक रूप से देखा जा रहा है। अधिकारियों का मानना है कि जब कर्मचारी मानसिक रूप से संतुष्ट और पारिवारिक रूप से संतुलित होते हैं, तो उनकी कार्यक्षमता और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता भी बेहतर होती है। यह कदम पुलिस प्रशासन के भीतर संवेदनशील और मानवीय दृष्टिकोण को दर्शाता है, जिससे पुलिसकर्मियों को अपने परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा और वे अपने व्यक्तिगत जीवन और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच बेहतर संतुलन स्थापित कर सकेंगे।
