



नई दिल्ली। संसद परिसर में शनिवार को एक खास अवसर पर राजनीतिक सौहार्द का दृश्य देखने को मिला, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई। दोनों नेता समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की 200 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
कार्यक्रम के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अन्य नेताओं से मिल रहे थे। इसी दौरान वे राहुल गांधी के पास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का हाथ जोड़कर अभिवादन किया और संक्षिप्त बातचीत भी की। यह मुलाकात औपचारिक होते हुए भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि हाल के समय में दोनों नेताओं के बीच सार्वजनिक मंचों पर इस तरह का संवाद कम ही देखने को मिलता है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला,केंद्रीय चिकित्सा मंत्री जेपी नड्डा और कानून मंत्रीअर्जुन राम मेघवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात की। सभी नेताओं ने महात्मा फुले के सामाजिक सुधारों और उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
महात्मा ज्योतिबा फुले को भारतीय समाज में शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में अग्रणी योगदान के लिए जाना जाता है। उनकी जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर उनके विचारों को याद करने और समाज में समरसता के संदेश को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।