Sunday, 12 April 2026

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संसद में 16 अप्रैल से विशेष सत्र: भाजपा ने जारी किया 3 लाइन व्हिप


नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर संसद में 16 अप्रैल से विशेष सत्र: भाजपा ने जारी किया 3 लाइन व्हिप

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

नई दिल्ली। भाजपा ने आगामी संसद सत्र को लेकर अपने सभी लोकसभा और राज्यसभा सांसदों को 3 लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने निर्देश दिया है कि 16 से 18 अप्रैल तक सभी सांसद अनिवार्य रूप से सदन में उपस्थित रहें और इस दौरान किसी को भी अवकाश की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह व्हिप विशेष रूप से ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से जुड़े महत्वपूर्ण विधायी कार्यों को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है।

इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में इस अधिनियम में संशोधन से जुड़े ड्राफ्ट बिल को मंजूरी दी गई थी। सरकार ने बजट सत्र को बढ़ाते हुए 16 से 18 अप्रैल तक संसद का विशेष सत्र बुलाया है, जिसमें इस विधेयक पर चर्चा और पारित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी दलों के फ्लोर लीडर्स को पत्र लिखकर इस विधेयक के समर्थन की अपील भी की है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि अब समय आ गया है कि ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को पूरे देश में प्रभावी रूप से लागू किया जाए, ताकि महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व में समान अवसर मिल सके।

सरकार के अनुसार, संसद से मंजूरी मिलने के बाद यह कानून 31 मार्च 2029 से लागू होगा और उसी वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में पहली बार इसका प्रभाव देखने को मिलेगा। इस अधिनियम को महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है।

विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं और सभी दलों के बीच रणनीतिक बैठकों का दौर जारी है। आने वाले दिनों में संसद में इस विधेयक पर व्यापक बहस होने की संभावना है, जिस पर पूरे देश की नजरें टिकी हुई हैं।

    Previous
    Next

    Related Posts