



अलवर (लक्ष्मणगढ़)। अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़-मालाखेड़ा रोड पर रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया, जिसने एक परिवार की खुशियों को पल भर में मातम में बदल दिया। हरसाना मोड़ के समीप हुए इस हादसे में बेटी की शादी के निमंत्रण पत्र बांटने जा रहे 50 वर्षीय रघुवीर जाटव की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दामाद पिंटू बैरवा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तत्काल स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार कठूमर थाना क्षेत्र के मतवा का नगला गांव निवासी रघुवीर जाटव अपनी बेटी की 29 अप्रैल को होने वाली शादी की तैयारियों में जुटे हुए थे। इसी क्रम में रविवार को वे अपने दामाद के साथ रिश्तेदारों को शादी के कार्ड बांटने निकले थे। हरसाना गांव में निमंत्रण देने के बाद दोनों गोठड़ी की ओर जा रहे थे, तभी मालाखेड़ा रोड पर हरसाना मोड़ तिराहे और बीएसएनएल कार्यालय के बीच पीछे से तेज रफ्तार में आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रघुवीर जाटव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दामाद गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस द्वारा तलाश जारी है। फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है, हालांकि रिपोर्ट मिलने पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मृतक रघुवीर जाटव अपने पीछे छह बच्चों का परिवार छोड़ गए हैं, जिनमें चार बेटियां और दो नाबालिग बेटे शामिल हैं। दो बेटियों की शादी पहले ही हो चुकी थी, जबकि तीसरी बेटी की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले रघुवीर की असमय मृत्यु से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।