Saturday, 11 April 2026

टोंक में कलक्टर आवास पर निकला 5 फीट लंबा कोबरा, आधे घंटे में किया रेस्क्यू


टोंक में कलक्टर आवास पर निकला 5 फीट लंबा कोबरा, आधे घंटे में किया रेस्क्यू

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। राजस्थान के टोंक जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब जिला कलेक्टर टीना डाबी के सरकारी आवास परिसर में करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। अचानक सांप के नजर आने से वहां मौजूद कर्मचारियों में दहशत फैल गई और तुरंत सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही टीम के सदस्य गालिब खान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

रेस्क्यू के दौरान कोबरा करीब 20 मिनट तक फन फैलाकर बैठा रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भय का माहौल बना रहा। सांप के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए टीम ने बेहद सावधानी से कार्रवाई की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित काबू में कर लिया गया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया। जानकारी के अनुसार यह कोबरा ‘नाजा’ प्रजाति का था और उसने हाल ही में शिकार किया हुआ था, जिसके कारण वह कुछ समय तक सुस्त अवस्था में भी रहा।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले कलेक्टर के निजी सहायक की नजर इस सांप पर पड़ी, जिसके बाद तत्काल रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। सिविल डिफेंस टीम के सदस्य गालिब खान ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण सांप अपने बिलों से बाहर निकल रहे हैं, जिससे ऐसे मामलों में बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने यह भी बताया कि पेट में शिकार होने के बावजूद कोबरा ने आक्रामक रुख दिखाया, लेकिन टीम ने सूझबूझ से स्थिति को संभाल लिया।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय कलेक्टर टीना डाबी आवास पर मौजूद नहीं थीं। इस पूरी घटना के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम ने पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया था।

    Previous
    Next

    Related Posts