



जयपुर। जयपुर-सवाईमाधोपुर रेल रूट पर स्थित करतारपुरा फाटक 12अप्रैल रविवार को 12 घंटे के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। रेलवे द्वारा ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के चलते सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक इस क्रॉसिंग से किसी भी प्रकार का सड़क यातायात नहीं गुजर सकेगा। इस दौरान आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों और रोजाना आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
करतारपुरा फाटक दुर्गापुरा और जयपुर स्टेशन के बीच स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे क्रॉसिंग है, जो करतारपुरा, इमली फाटक और आसपास की कई कॉलोनियों को जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस मार्ग का उपयोग करते हैं, ऐसे में इसके बंद रहने से ट्रैफिक दबाव बढ़ने की संभावना है।
रेलवे प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे इस दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए महेश नगर फाटक और बरकत नगर अंडरपास को उपयोगी विकल्प बताया गया है, जिससे जाम की स्थिति से बचा जा सके।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी Amit Sudarshan ने बताया कि रेल ट्रैक की सुरक्षा और बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के लिए समय-समय पर मेंटेनेंस कार्य किया जाता है। इसी प्रक्रिया के तहत यह कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण फाटक को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा।