



जयपुर। राजस्थान भाजपा की राजनीति में इन दिनों पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के एक बयान को लेकर हलचल तेज हो गई है। बयान के अलग-अलग अर्थ निकाले जाने से सियासी माहौल गरमा गया है और पार्टी के अंदर भी इस मुद्दे पर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस पूरे विवाद पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी में किसी एक व्यक्ति को हर बार मुख्यमंत्री बनाना जरूरी नहीं होता, बल्कि संगठन की अपनी प्रक्रिया होती है और कई नेता मिलकर पार्टी को आगे बढ़ाते हैं।
बीकानेर में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपाअध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्पष्ट किया कि वसुंधरा राजे द्वारा ऐसा कोई बयान नहीं दिया गया है कि उनके काम नहीं हो रहे या वे कुर्सी नहीं बचा पाईं। उन्होंने कहा कि उनकी हाल ही में राजे से बातचीत हुई है और उसमें इस तरह की कोई बात सामने नहीं आई। उन्होंने इस पूरे विवाद को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किए जाने की बात भी कही।
भाजपाअध्यक्ष मदन राठौड़ ने इस मुद्दे पर तंज कसते हुए एक राजस्थानी लोकोक्ति का सहारा लिया और कहा कि कई बार बिना पूरी जानकारी के लोग मुद्दों को बढ़ा देते हैं। उनका कहना था कि वास्तविकता कुछ और होती है, लेकिन अफवाहों के आधार पर विवाद खड़ा कर दिया जाता है।
उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि धौलपुर में उनके घर के सामने से राष्ट्रीय राजमार्ग निकाला गया था, जिसके चलते उन्हें अपनी बाउंड्री पीछे करनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि जब वह खुद नियमों के कारण अपने घर को नहीं बचा सकीं, तो दूसरों के लिए भी नियमों से अलग कोई निर्णय नहीं लिया जा सकता।
इस पूरे घटनाक्रम ने राजस्थान भाजपा के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया है। हालांकि पार्टी नेतृत्व इस विवाद को शांत करने की कोशिश में जुटा हुआ है।