



समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अब भाजपा से मुकाबला केवल राजनीतिक दल नहीं, बल्कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय करेगा। जयपुर में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय और राज्य की राजनीति पर खुलकर अपनी राय रखी।
राजस्थान की राजनीति पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यदि वसुंधरा राजे मुख्यमंत्री होतीं तो राज्य में और अधिक विकास होता। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी मुद्दों से ध्यान भटकाने और कथानक गढ़ने का काम कर रही है, ठीक वैसे ही जैसे फिल्मों में काल्पनिक कहानी दिखाई जाती है।
धार्मिक और सामाजिक मुद्दों पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि असली और नकली संतों के बीच अंतर समझना जरूरी है। उन्होंने बिना नाम लिए कुछ साधुओं पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज को भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि शंकराचार्य जैसे संत सही दिशा दिखा रहे हैं।
चुनावी प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि फर्जी हस्ताक्षर जैसे मामलों की बात सामने आई है और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलेक्शन कमीशन ऑफ इंडिया भाजपा के दबाव में काम कर रहा है।
गठबंधन राजनीति पर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन आगे और मजबूत होगा, हालांकि उनकी पार्टी फिलहाल राजस्थान में चुनाव नहीं लड़ रही है। वहीं नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि वे उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते थे, लेकिन उनके साथ राजनीतिक तौर पर धोखा हुआ है।