



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जयपुर के बाईस गोदाम स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और उनके समाज सुधार के योगदान को याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज में शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए जो कार्य किए, वे आज भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे फुले के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में शिक्षा और समानता को बढ़ावा दें तथा सामाजिक सुधार की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम में विधायक जसवंत यादव, गोपाल शर्मा, देवेन्द्र जोशी सहित बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन और नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान सभी ने महात्मा ज्योतिबा फुले के योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।