



मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर दौसा जिले के बांदीकुई में 607.66 करोड़ रुपये की लागत से 213 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने बांदीकुई के पॉलिटेक्निक कॉलेज का नाम महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम पर रखने की घोषणा की। इसके साथ ही बांदीकुई-दौसा रेलवे फाटक पर आरओबी (रेलवे ओवरब्रिज) निर्माण, बांदीकुई और बसवा नगर पालिका क्षेत्रों में सीवरेज व ड्रेनेज गैप कार्य कराने की घोषणा की गई। शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा कदम उठाते हुए उन्होंने राज्य के प्रत्येक ब्लॉक में एक उच्च माध्यमिक विद्यालय में सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी स्थापित करने और सभी जिलों में महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय खोलने की भी घोषणा की।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, किसान, मजदूर और महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने सामाजिक न्याय, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, राज्यसभा सांसद राजेंद्र गहलोत सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों के जरिए प्रदेश को नई दिशा देने और अंतिम छोर तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।