



जयपुर। जयपुर में विदेशी महिला पर्यटक के साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक नाबालिग को डिटेन किया गया है। यह घटना 5 अप्रैल की सुबह करीब 8 बजे की है, जब जापान की रहने वाली महिला पर्यटक जयगढ़ फोर्टघूमने जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, महिला आमेर किले से पैदल जयगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान जयगढ़ किले की पहाड़ी के पास सुनसान इलाके में कुछ युवकों ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले महिला से जबरन हाथ मिलाने की कोशिश की और फिर अश्लील हरकतें करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला के शोर मचाने पर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी नॉर्थ करण शर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरशद और साहिल के रूप में हुई है, जो रामगंज क्षेत्र के निवासी हैं और मजदूरी का काम करते हैं। इसके अलावा पुलिस पहले ही रामगंज निवासी अमीमुद्दीन उर्फ आमिर (24) को गिरफ्तार कर चुकी है। एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है। इस घटना के बाद पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं, जिस पर पुलिस और प्रशासन अतिरिक्त सतर्कता बरतने की तैयारी में है।