



जयपुर। दिल्ली-जयपुर नेशनल हाईवे-48 पर कोटपूतली के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मकराना से हरिद्वार जा रही प्राइवेट बस खड़े ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि ट्रेलर में लदे लोहे के सरिए बस के केबिन को चीरते हुए अंदर घुस गए। इस हादसे में बस चालक और एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 11:30 बजे बीडीएम हॉस्पिटल के सामने फ्लाईओवर पर हुआ। बताया जा रहा है कि हाईवे पर सरिए से भरा ट्रेलर खड़ा था, लेकिन न तो उस पर कोई इंडिकेटर था और न ही पार्किंग का कोई संकेत। अंधेरे के कारण बस चालक को ट्रेलर नजर नहीं आया और तेज रफ्तार में बस सीधे पीछे से ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर के बाद सरिए केबिन को चीरते हुए बस के अंदर तक पहुंच गए, जिससे चालक नागौर के लाड़ौली निवासी चंद्रमोहन (55) और महिला यात्री बिच्चू देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
बस में करीब 22 यात्री सवार थे, जिनमें से 16 घायल हो गए। घायलों को तत्काल कोटपूतली के राजकीय बीडीएम हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद अधिकांश को छुट्टी दे दी गई। हादसे के दौरान तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। बस के दूसरे चालक ओमप्रकाश ने बताया कि ट्रेलर बिना किसी चेतावनी के हाईवे पर खड़ा था, जिससे हादसा हुआ। फ्लाईओवर चढ़ते ही बस का संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेलर में जा टकराई।
सूचना मिलते ही कोटपूतली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया। कोटपूतली एसएचओ राजेश शर्मा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर ट्रैफिक सुचारू कर दिया गया है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण ट्रेलर का बिना संकेतक के खड़ा होना और बस की तेज रफ्तार माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।