



जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानीआगामी 10 अप्रैल को सिंधी भाषा दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष समारोह में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित किया जाएगा, जहां भारत के संविधान के सिंधी भाषा संस्करण का औपचारिक विमोचन किया जाएगा। इस समारोह में वासुदेव देवनानी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस कार्यक्रम का आयोजन विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग द्वारा किया जा रहा है। केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने विधानसभा अध्यक्ष को औपचारिक पत्र लिखकर इस समारोह में आमंत्रित किया है। कार्यक्रम का आयोजन 10 अप्रैल 2026 को सुबह 10:30 बजे नई दिल्ली स्थित उपराष्ट्रपति एन्क्लेव (108, चर्च रोड) में किया जाएगा।
इस अवसर पर भारत के उपराष्ट्रपति सी पी राधाकृष्णन द्वारा संविधान के सिंधी भाषा संस्करण का देवनागरी और फारसी लिपियों में विमोचन किया जाएगा। यह पहल संविधान और कानूनों को देश के विभिन्न भाषाई वर्गों तक उनकी मातृभाषा में पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि विभाजन के बाद भारत आए सिंधी समुदाय के लाखों लोगों के लिए यह पहल उनकी भाषा और सांस्कृतिक पहचान के सम्मान का प्रतीक है। यह अवसर समुदाय के लिए गर्व और सम्मान का भाव लेकर आया है।
गौरतलब है कि विधि एवं न्याय मंत्रालय ‘विकसित भारत @2047’ के लक्ष्य के तहत संविधान और अन्य विधिक दस्तावेजों को विभिन्न भाषाओं में उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। इसी क्रम में संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल भाषाओं में अनुवाद का कार्य तेजी से किया जा रहा है, जिसमें सिंधी भाषा संस्करण का प्रकाशन एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।