



जयपुर। राजस्थान की उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी से मंगलवार, 8 अप्रैल को सचिवालय में विभिन्न जनप्रतिनिधियों और प्रतिनिधिमंडलों ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कोलायत विधायक अंशुमन सिंह भाटी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, खाजूवाला विधायक विश्वनाथ मेघवाल, चौहटन विधायक आदूराम मेघवाल, डूंगरगढ़ विधायक ताराचंद शाश्वत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिश्चंद्र सिंह जसोल, भाजपा भरतपुर जिला अध्यक्ष श्रीमती शिवानी दायमा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। साथ ही जाटा एवं मूनलिट ग्लोबल के प्रतिनिधिमंडल ने भी उप मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
इस बैठक में प्रदेश के समग्र विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की प्रमुख जनसमस्याओं और विकास से संबंधित आवश्यकताओं को उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।दिया कुमारी ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों के प्रभावी समाधान और प्रदेश के सतत विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इस मुलाकात को प्रदेश में विकास कार्यों को गति देने और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जमीनी स्तर की समस्याओं को सीधे शासन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।