



राजस्थान को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 21 अप्रैल को बाड़मेर जिले के पचपदरा में बहुप्रतीक्षित रिफाइनरी परियोजना का लोकार्पण करेंगे। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (ट्विटर) के माध्यम से जानकारी साझा की है। उन्होंने इसे राजस्थान के लिए गर्व का क्षण बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का यह दौरा राज्य के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने अपने संदेश में कहा कि पचपदरा रिफाइनरी न केवल मारवाड़ क्षेत्र बल्कि पूरे राजस्थान के आर्थिक परिदृश्य को बदलने की क्षमता रखती है। इस परियोजना से औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, निवेश के नए अवसर पैदा होंगे और हजारों युवाओं के लिए रोजगार के द्वार खुलेंगे। उन्होंने इस रिफाइनरी को प्रदेश की ‘भाग्यरेखा’ बताते हुए कहा कि यह परियोजना लंबे समय तक राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।
पचपदरा में स्थापित हो रही यह रिफाइनरी राजस्थान की अब तक की सबसे बड़ी औद्योगिक परियोजनाओं में से एक मानी जा रही है। इसके शुरू होने से पेट्रोकेमिकल सेक्टर में भी नए अवसर विकसित होंगे और स्थानीय स्तर पर व्यापार, परिवहन और अन्य सहायक उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की समस्त जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत और अभिनंदन करते हुए उनके आगमन को ऐतिहासिक बताया है।