



जयपुर। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) का 39वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को जयपुर क्षेत्रीय केन्द्र में आयोजित समारोह में उपमुख्यमंत्री प्रेमचन्द्र बैरवा ने विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान कीं।
उपमुख्यमंत्री प्रेमचन्द्र बैरवा ने कहा कि विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम के साथ-साथ अतिरिक्त ज्ञान अर्जित करने पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने इग्नू द्वारा जेलों में बंदियों को शिक्षा उपलब्ध कराने की पहल को सराहते हुए इसे समाज सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और समाज में समानता स्थापित करने का माध्यम है।
डॉ. बैरवा ने कहा कि ओपन यूनिवर्सिटी आज महिलाओं के लिए शिक्षा का प्रभावी माध्यम बन चुकी है, जिससे वे अपनी सुविधा अनुसार पढ़ाई कर सकती हैं। इग्नू का यह मॉडल ग्रामीण क्षेत्रों, गांवों और ढाणियों तक शिक्षा पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय केन्द्र की वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डाॅ. ममता भाटिया ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि इग्नू का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है, ताकि आर्थिक या सामाजिक कारणों से पढ़ाई छोड़ चुके विद्यार्थी भी उच्च शिक्षा से जुड़ सकें।
उपमुख्यमंत्री बैरवा ने अजय नागर को मास्टर ऑफ ज्योतिष की डिग्री दीक्षांत समारोह उपाधि प्रदान की । समारोह में उपमुख्यमंत्री बैरवा ने मास्टर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बैंकिंग एवं वित्त) में रमेश गर्ग, बैचलर ऑफ आर्ट्स ऑनर्स (राजनीति विज्ञान) में सुश्री साना फूटेला और मास्टर ऑफ आर्ट्स (फ्रेंच) में कान्हा परनामी को राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक प्रदान किए। इस अवसर पर इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर के 13,916 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपाधियां मिलीं।
डाॅ. पवन कुमार, सहायक कुलसचिव द्वारा इस कार्यक्रम के विषिष्ट अतिथि व पधारे हुए सभी विद्यार्थियों, अधिकारी व कर्मचारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दीक्षान्त समारोह कार्यक्रम का संचालन डाॅ. इन्दू रवि, उपनिदेशक द्वारा किया गया। इस कार्यक्रम में डाॅ. राममूर्ति मीना, सहायक क्षेत्रीय निदेशक, डाॅ. शेरसिंह, सहायक क्षेत्रीय निदेशक, डाॅ. कमलेष मीना सहायक क्षेत्रीय निदेशक इग्नू क्षेत्रीय एवं विभिन्न अध्ययन केन्द्रों के सदस्य भी उपस्थित रहे।