Tuesday, 07 April 2026

बाड़मेर में 25 करोड़ की ड्रग्स बरामद: सीमा पार पाकिस्तान से जुड़ा तस्करी नेटवर्क उजागर


बाड़मेर में 25 करोड़ की ड्रग्स बरामद: सीमा पार पाकिस्तान से जुड़ा तस्करी नेटवर्क उजागर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर/बाड़मेर। राजस्थान पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बाड़मेर जिले में करीब 5 किलोग्राम मेटाफेटामाइन ड्रग्स बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई से सीमा पार पाकिस्तान से संचालित ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है।

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस एटीएस दिनेश एमएन के निर्देशन में यह कार्रवाईआईजी राजेश सिंह, डीआईजी योगेश यादव और राममूर्ति जोशी के सुपरविजन तथा एसपी ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में की गई। इस ऑपरेशन में बाड़मेर एसपी चूनाराम जाट और उनकी टीम ने अहम भूमिका निभाई। कार्रवाई गुजरात एटीएस से प्राप्त खुफिया इनपुट के आधार पर अंजाम दी गई।

पुलिस ने एनएच-68 पर लोरटी हाईट और उण्डखा क्षेत्र में नाकेबंदी कर एक संदिग्ध ईको कार को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 5 थैलियों में भरी 4.980 किलोग्राम मेटाफेटामाइन ड्रग्स बरामद की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सलमान पुत्र लालाखां और शंकरराम पुत्र रमेशराम मेघवाल के रूप में हुई है, जो रामसर क्षेत्र के निवासी हैं।

पूछताछ में सामने आया कि यह ड्रग्स पाकिस्तान के थारपारकर जिले से अंतरराष्ट्रीय सीमा के जरिए भारत लाई गई थी। आरोपी सलमान ने खुलासा किया कि उसने यह खेप पाकिस्तान निवासी एक व्यक्ति से प्राप्त की थी। पुलिस को आरोपी के मोबाइल से पाकिस्तानी नंबरों के साथ व्हाट्सएप चैट और वीडियो भी मिले हैं, जो इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की पुष्टि करते हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए हैं। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। खुफिया एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए संयुक्त पूछताछ कर रही हैं, जिसमें कई और लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

एडीजी दिनेश एमएन ने आमजन से अपील की है कि यदि सीमा पार से होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि या तस्करी की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस या एटीएस को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Previous
Next

Related Posts