



जयपुर। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित बैठक के बाद भाजपा प्रदेश प्रभारी डॉ. राधा मोहनदास अग्रवाल ने कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेसी नेता द्वेष, विद्वेष, घृणा, संघर्ष, प्रतिरोध और बदले की भावना से भरे हुए हैं। उन्होंने यह बयान प्रदेश पदाधिकारियों के साथ हुई बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में दिया, जहां पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक विस्तार और गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित संगठन है, जहां हर कार्यकर्ता को काम करने का अवसर मिलता है और संगठन में निरंतर गतिविधियां चलती रहती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने संगठन के कार्यों में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया, बल्कि पदाधिकारियों से संवाद कर उनके योगदान को समझा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में विभिन्न स्तरों पर अभियान, विधानसभा और जिला इकाइयों के कार्यक्रम चलते रहते हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में सक्रियता बनी रहती है।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में संगठन और सत्ता के बीच तालमेल की कमी है और पार्टी लगातार आंतरिक संघर्ष से जूझ रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर टकराव और मतभेद स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता अपने ही अनुभवों के आधार पर बयान देते हैं और पार्टी के अंदरूनी विवाद अब सार्वजनिक हो चुके हैं।
डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसके करोड़ों कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को समर्पित, अनुभवी और निर्भीक बताते हुए कहा कि संगठन लगातार विस्तार की दिशा में काम कर रहा है। जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर उन्होंने संकेत दिए कि जल्द ही नई नियुक्तियां की जाएंगी और इसके लिए प्रदेश नेतृत्व को निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वे आज भी लोकप्रिय नेता हैं और उनका यह सुझाव उचित है कि योग्य एवं समर्पित कार्यकर्ताओं को ही जिम्मेदारी दी जानी चाहिए।
राजनीतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल विस्तार के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार का कार्यकाल अभी लंबा है और सभी निर्णय सामूहिक रूप से उचित समय पर लिए जाएंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वर्तमान मंत्रिमंडल का निरंतर मूल्यांकन किया जा रहा है और आवश्यकता के अनुसार ही आगे निर्णय लिया जाएगा।
आज प्रदेश पदाधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की है। पिछले तीन महीनों में संगठन में क्या-क्या काम हुआ है, उसकी समीक्षा की गई है।
— BJP Rajasthan (@BJP4Rajasthan) April 7, 2026
-डॉ. @AgrawalRMD
प्रदेश प्रभारी, भाजपा राजस्थान pic.twitter.com/ruxpQ5amLU