Tuesday, 07 April 2026

बीकानेर में छेड़छाड़ के आरोप पर बवाल: दो पक्षों में पत्थरबाजी, इलाके में तनाव,भारी पुलिस फोर्स तैनात


बीकानेर में छेड़छाड़ के आरोप पर बवाल: दो पक्षों में पत्थरबाजी, इलाके में तनाव,भारी पुलिस फोर्स तैनात

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

बीकानेर। बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के आरोप को लेकर सोमवार देर रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। घटना चौखूंटी इलाके की है, जहां मामूली कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी की और लाठियों के साथ आमने-सामने आ गए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग हंगामा करते नजर आ रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ युवकों द्वारा छेड़छाड़ किए जाने का आरोप है। जब इसका विरोध किया गया तो मामला बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर इकट्ठा हो गए और पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालांकि टकराव बढ़ने के बाद एक पक्ष पीछे हटता भी दिखाई दिया, लेकिन कुछ समय तक क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

मामले की सूचना मिलते ही नयाशहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना अधिकारी रोहित चौधरी ने बताया कि क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया और रातभर निगरानी रखी गई। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही उपद्रवी मौके से फरार हो गए। फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांत बताई जा रही है और आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी और भाजपा नेता वेद व्यास भी मौके पर पहुंचे, जहां उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक भी हुई। भाजपा नेता विजय उपाध्याय भी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोग नयाशहर थाने पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध जताया। पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।

पुलिस के अनुसार, परिवाद में आरोप लगाया गया है कि छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपी मोहल्ले में घुस आए और लाठियों, सरियों व पत्थरों से हमला किया। फिलहाल घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

    Previous
    Next

    Related Posts