



जयपुर। जयपुर में आयोजित पश्चिमी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले समय में खेती का आधार ‘फार्मर आईडी’ होगी। इसके माध्यम से किसानों को मिलने वाली सुविधाएं, जैसे खाद-बीज वितरण और योजनाओं का लाभ, सीधे और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने यह भी घोषणा की कि देश के हर राज्य के लिए कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा, जिसकी शुरुआत राजस्थान से की जाएगी।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में केंद्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सहित राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा के कृषि मंत्री मौजूद रहे। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कृषि के विकास में राजस्थान की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और यहां की सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहानने कहा कि देश में कृषि को मजबूत बनाने के लिए रीजनल कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है और देशभर में ऐसी पांच कॉन्फ्रेंस होंगी। उन्होंने कृषि विविधीकरण (डायवर्सिफिकेशन) पर जोर देते हुए कहा कि लगातार घटती मिट्टी की उर्वरक क्षमता को ध्यान में रखते हुए खेती के नए तरीके अपनाने होंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि देश में खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करना, कृषि में आत्मनिर्भरता लाना और किसानों की आय बढ़ाना सरकार के प्रमुख लक्ष्य हैं।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में देश में गेहूं और चावल का पर्याप्त भंडार है, लेकिन दलहन और तिलहन में कमी के कारण आयात करना पड़ता है। इसलिए इन फसलों में आत्मनिर्भरता जरूरी है। इसके साथ ही पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए छह सूत्रीय रणनीति पर भी काम किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के “सशक्त किसान, समृद्ध भारत” के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध: भजनलाल शर्मा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री के “सशक्त किसान, समृद्ध भारत” के विजन को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कृषि में नवाचार, आधुनिक तकनीकों और जल प्रबंधन योजनाओं के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि नीतियां तभी प्रभावी बनती हैं, जब वे खेतों की वास्तविक समस्याओं को ध्यान में रखकर बनाई जाएं।
सम्मेलन में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी, राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा, विभिन्न राज्यों के कृषि मंत्री, मुख्य सचिव वी श्रीनिवास तथा केंद्रीय कृषि सचिव आतिश चन्द्र सहित केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
LIVE: जयपुर में आयोजित पश्चिमी क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन - 2026 में सहभागिता। https://t.co/OMmmYS2QfC
— Office of Shivraj (@OfficeofSSC) April 7, 2026