



जयपुर। जयपुर में सोमवार देर रात करीब 3 बजे एक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें कांग्रेस विधायक हरीश चौधरी की बेटी आस्था चौधरी की कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह हादसा विधानसभा के मुख्य गेट के सामने हुआ, जहां उनकी कार ट्रैफिक सिग्नल पोल और पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि कार में सवार सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार अंबेडकर सर्कल से एमएलए क्वार्टर की ओर जा रही थी। विधानसभा गेट के पास अचानक सड़क पर चार-पांच कुत्ते आ गए, जिन्हें बचाने के प्रयास में वाहन चला रही आस्था चौधरी का संतुलन बिगड़ गया और कार अनियंत्रित होकर पोल और पेड़ से टकरा गई।
दुर्घटना थाना साउथ में तैनात पुलिसकर्मी कैलाश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर थाने पहुंचाया गया। कार नागौर पते पर आस्था चौधरी के नाम से पंजीकृत है और हादसे के समय वही वाहन चला रही थीं। इस दुर्घटना में किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई है। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस मामले की प्रारंभिक जांच कर रही है।