



चंडीगढ़। पूर्व क्रिकेटर और कांग्रेस के पूर्व पंजाब अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने राजनीति में बड़ा कदम उठाते हुए अपनी नई पार्टी ‘भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी’ के गठन की घोषणा कर दी है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर देर रात पोस्ट साझा करते हुए इस नई राजनीतिक पहल की जानकारी दी।
डॉ. नवजोत कौर सिद्धू द्वारा साझा की गई पोस्ट में एक तस्वीर भी शामिल थी, जिसके बैकग्राउंड में पार्टी का नाम स्पष्ट रूप से लिखा हुआ था। उन्होंने अपने संदेश में इसे “बहुप्रतीक्षित घोषणा” बताते हुए कहा कि यह पार्टी देश को एक नया राष्ट्रीय विकल्प देने के उद्देश्य से बनाई गई है। उन्होंने लिखा कि मौजूदा राजनीतिक नेतृत्व के प्रदर्शन का गहन अध्ययन और मूल्यांकन करने के बाद यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने अपने बयान में कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता हासिल करना नहीं, बल्कि देश की सेवा करना और लोगों को वह देना है, जिसके वे वास्तविक हकदार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सोच राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए एक नई राजनीतिक दिशा देने की है।
गौरतलब है कि पार्टी की घोषणा के दौरान उनके पति नवजोत सिंह सिद्धू उनके साथ नजर नहीं आए, जिससे राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं। पिछले वर्ष डॉ. नवजोत कौर सिद्धू को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था, जिसके बाद उनके भाजपा के साथ बढ़ते संबंधों की चर्चाएं भी सामने आई थीं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस नई पार्टी के गठन से पंजाब सहित राष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरण बन सकते हैं। हालांकि, आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि यह पार्टी किस प्रकार अपनी पकड़ मजबूत कर पाती है और क्या यह स्थापित दलों को चुनौती देने में सफल होती है।