



जयपुर। राजस्थान में सब इंस्पेक्टर (एसआई) भर्ती-2021 को रद्द करने के हाईकोर्ट के फैसले पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने स्वागत जताया है। उन्होंने कहा कि वे शुरू से ही इस भर्ती को रद्द करने की मांग कर रहे थे और अब कोर्ट का फैसला सही दिशा में कदम है।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि “मैं व्यक्तिगत रूप से इस फैसले का स्वागत करता हूं। यह भर्ती रद्द होनी चाहिए थी और अब इसका रद्द होना सही निर्णय है।” साथ ही उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में अपील न की जाए।
राजस्थान हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने हाल ही में चयनित अभ्यर्थियों और राज्य सरकार की अपील को खारिज करते हुए एकलपीठ के फैसले को बरकरार रखा है। इससे पहले 28 अगस्त 2025 को एकलपीठ ने एसआई भर्ती को रद्द कर दिया था। अब इस फैसले के बाद सरकार के पास सुप्रीम कोर्ट में अपील करने का विकल्प मौजूद है।
कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने प्रदेश में हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने बताया कि सरकार ने नुकसान के आकलन के लिए सर्वे के आदेश जारी कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि जिन किसानों को 33 प्रतिशत या उससे अधिक नुकसान हुआ है, उन्हें एसडीआरएफ (SDRF) के मानकों के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा।
अब यह देखना अहम होगा कि राज्य सरकार हाईकोर्ट के फैसले को स्वीकार करती है या सुप्रीम कोर्ट में अपील का रास्ता अपनाती है। इस बीच मंत्री के बयान से संकेत मिल रहे हैं कि सरकार पर अपील न करने का दबाव भी बन सकता है।