



पुष्कर। तीर्थ गुरु नगरी पुष्कर में 19 अप्रैल 2026 को अंतरराष्ट्रीय परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शत गायत्री पुनश्चरण महायज्ञ स्थल पर आयोजित होगा, जहां 43 दिवसीय महायज्ञ का समापन पूर्णाहुति के साथ दिन किया जाएगा।
इस अवसर पर भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें महायज्ञ की पूर्णाहुति, आहुति कार्यक्रम और ब्रह्म भोज शामिल हैं। आयोजन में देश-विदेश से ब्राह्मण समाज के प्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है, जिससे यह कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्वरूप धारण करेगा।
कार्यक्रम में महानिर्वाणी अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी विशोकानंद भारती और महामंडलेश्वर प्रखर जी महाराज सहित कई संत-महात्मा भगवान परशुराम के जीवन और आदर्शों पर प्रवचन देंगे। आयोजन में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इसे पुष्कर के इतिहास के सबसे बड़े ब्राह्मण सम्मेलनों में से एक माना जा रहा है। इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सनातन धर्म रक्षा संघ के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है, जो यज्ञ सम्राट प्रखर जी महाराज के निर्देशन में कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस विशेष आयोजन में एक लाख श्रद्धालु शामिल होंगे।
अंतरराष्ट्रीय परशुराम जन्मोत्सव को लेकर विप्र फाउंडेशन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों में उत्साह का माहौल है। कई प्रमुख व्यक्तियों और विप्रजनों ने इस आयोजन का स्वागत करते हुए इसे समाज की एकता और सांस्कृतिक जागरूकता का प्रतीक बताया है।