Sunday, 05 April 2026

जयपुर के सांगानेर स्थित हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से बेसमेंट का सामान जलकर खाक


जयपुर  के सांगानेर स्थित हाउसिंग बोर्ड ऑफिस में भीषण आग, शॉर्ट सर्किट से बेसमेंट का सामान जलकर खाक

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर के सांगानेर स्थित हाउसिंग बोर्ड सर्किल ऑफिस में रविवार दोपहर भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते बेसमेंट में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।

2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू

सीतापुरा फायर स्टेशन से पहुंची दमकल टीम ने करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के लिए 5 दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया, जिन्होंने कई फेरे लगाकर आग को नियंत्रित किया। फायरकर्मी रामस्वरूप के अनुसार, दोपहर करीब 2:30 बजे शॉर्ट सर्किट के चलते ऑफिस के बेसमेंट में आग लगी। उस समय ऑफिस बंद था, जिससे पहले धुआं दिखाई दिया और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।

एयर वेंटिलेशन के शीशे तोड़ने पड़े

आग पर काबू पाने के लिए फायर टीम को बेसमेंट में लगे एयर वेंटिलेशन के शीशे तोड़ने पड़े, ताकि अंदर भरे धुएं को बाहर निकाला जा सके और आग बुझाने में आसानी हो। आग की लपटें उठते देख आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया था।

कोई जनहानि नहीं, सामान जलकर राख

राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बेसमेंट में रखा ऑफिस का सामान और कबाड़ पूरी तरह जलकर खाक हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, हालांकि प्राथमिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को ही वजह माना जा रहा है।

Previous
Next

Related Posts