



सर्व ब्राह्मण महासभा (ऑस्ट्रेलिया चैप्टर) के तत्वावधान में भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा एवं आध्यात्मिक मूल्यों के वैश्विक प्रसार की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए प्रथम बार ऑस्ट्रेलिया में भगवान श्री परशुराम जी की दिव्य मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है।
इसी क्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा द्वारा परशुराम जयंती महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ संत-महंतों के सानिध्य में जयपुर के ब्रह्मपुरी स्थित नेहर के गणेश जी मंदिर में किया गया। इस अवसर पर विधि-विधान के साथ भगवान श्री परशुराम जी की मूर्ति की पूजा-अर्चना कर उसे वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना किया।
इस आयोजन में 11 विद्वान ब्राह्मणों द्वारा शास्त्रोक्त विधि से भगवान श्री परशुराम जी की मूर्ति का पूजन संपन्न कराया गया। पंडित मनीष शास्त्री, पंडित नीतीश चतुर्वेदी एवं पंडित अशोक शर्मा के आचार्यत्व में यह पूजा विधि-विधान के साथ सम्पन्न हुई, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो उठा। संकष्टी चतुर्थी के पावन अवसर पर विशेष महाआरती का आयोजन भी किया गया। यह मूर्ति लगभग सवा दो फीट ऊँची है तथा इसे लगभग एक माह की अवधि में विशेष रूप से तैयार किया है, जो अपनी दिव्यता एवं उत्कृष्ट शिल्पकला के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
इस अवसर पर स्वामी बालमुकुंदाचार्य महाराज, घाट बालाजी के सुदर्शनाचार्य महाराज, नेहर के गणेश जी मंदिर के महंत पंडित जयकुमार जी, गीता गायत्री मंदिर के पंडित राजकुमार चतुर्वेदी, काली माता मंदिर के महंत प्रेम नारायण जी, स्वाध्याय केंद्र के पंडित योगेश जी सहित अनेक संत-महात्माओं का पावन सानिध्य प्राप्त हुआ। मंदिर परिसर में पधारे सभी अतिथियों का स्वागत नेहर के गणेश जी मंदिर के व्यास आचार्य मानव शर्मा द्वारा माल्यार्पण, दुपट्टा एवं प्रसाद प्रदान कर किया गया।
कार्यक्रम में सर्व ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों में मुख्यमंत्री के विशेषाधिकारी गोविंद पारीक, प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा, संभाग अध्यक्ष अनिल सारस्वत, राष्ट्रीय महामंत्री सविता शर्मा, जयपुर शहर अध्यक्ष अजय शर्मा, जयपुर शहर संगठन महामंत्री प्रवीन शर्मा, जयपुर संभाग अध्यक्ष (युवा प्रकोष्ठ) दिनेश शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष (चिकित्सा प्रकोष्ठ) डॉ. समीर शर्मा, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बाबूलाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष (महिला प्रकोष्ठ) डॉ. शैल शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी एवं समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि परशुराम जयंती महोत्सव 2026 के अंतर्गत पूरे प्रदेश में माह भर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत परशुराम गोष्ठी, परशुराम संवाद, परशुराम भगवा रैली एवं परशुराम विद्वान सम्मान समारोह जैसे आयोजन प्रदेश, संभाग एवं तहसील स्तर पर धूमधाम से आयोजित किए जाएंगे। इस विषय पर नहर के गणेश जी मंदिर में एक गोष्ठी आयोजित कर विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियाँ भी निर्धारित की गईं।
सर्व ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित सुरेश मिश्रा ने बताया कि महासभा द्वारा अब तक राजस्थान प्रदेश के लगभग 40 मंदिरों में भगवान परशुराम जी की पूजा-अर्चना प्रारंभ करवाई जा चुकी है। उन्होंने कहा कि महासभा अब भारतीय संस्कृति को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने के संकल्प के साथ प्रत्येक वर्ष विदेशों में भगवान परशुराम जी की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करवाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि इस वर्ष विदेशों में लगभग 10 स्थानों पर परशुराम जयंती महोत्सव को बड़े धूमधाम से मनाने की तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं, जिससे प्रवासी भारतीय समाज को अपनी संस्कृति से जोड़ने का कार्य और अधिक सशक्त होगा।
सर्व ब्राह्मण महासभा (ऑस्ट्रेलिया चैप्टर) के अधिष्ठाता रवि शर्मा के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया में बसे समाज बंधुओं को एक मंच पर संगठित करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है। वे विदेश में रहते हुए भी भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं धार्मिक मूल्यों को सहेजने एवं आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।