



अजमेर। शत गायत्री पुनश्चरण महायज्ञ के अवसर पर अयोध्या से पधारे विश्व विख्यात कथावाचक जगतगुरु डॉ. राघवाचार्य से सनातन धर्म रक्षा संघ, राजस्थान के पदाधिकारियों ने भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
संघ के अध्यक्ष एवं पूर्व न्यायाधीश अजय शर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महाराज से मुलाकात की और संगठन द्वारा संचालित सनातन जागरण एवं संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी साझा की।
इस दौरान अजय शर्मा ने संगठन की वर्तमान कार्ययोजनाओं, सामाजिक एवं धार्मिक प्रयासों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संगठन सनातन धर्म के संरक्षण और जागरूकता के लिए विभिन्न स्तरों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।
जगतगुरु डॉ. राघवाचार्य ने संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि संस्था में विद्वान और योग्य लोगों की भागीदारी से निश्चित रूप से सकारात्मक और सार्थक परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने धर्म और संस्कृति के संरक्षण के लिए इस तरह के प्रयासों को आवश्यक बताया।
इस अवसर पर डॉ. कुलदीप शर्मा, तपस्वी गायत्री, रघु पारीक, नवीन शर्मा, देवेंद्र त्रिपाठी और पंडित चंद्रशेखर गौड़ सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।