Thursday, 09 April 2026

गूलर बांध का 25 करोड़ से होगा पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण, जयपुर को मिलेगा नया पर्यटन हब


गूलर बांध का 25 करोड़ से होगा पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण, जयपुर को मिलेगा नया पर्यटन हब

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर में द्रव्यवती नदी पर स्थित सांगानेर के गूलर बांध के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य जल्द शुरू होने जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 25 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिल चुकी है और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार कर कार्यादेश भी जारी कर दिया है। जल संसाधन विभाग इस परियोजना के साथ-साथ कानोता, नेवटा और चंदलाई बांधों के आधुनिकीकरण पर भी काम कर रहा है।

पर्यटन हब के रूप में विकसित होगा गूलर बांध

इस परियोजना के तहत गूलर बांध को एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां सुंदर घाट, विकसित गार्डन और लैंडस्केपिंग की योजना बनाई गई है, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा बारिश के समय अतिरिक्त जल प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए बांध पर गेट लगाए जाएंगे, जिससे नहरों में पानी का वितरण भी बेहतर हो सकेगा। चंदलाई की ओर जाने वाली नहर के दोनों ओर सुरक्षा दीवार निर्माण का भी प्रस्ताव है, जिससे जल प्रवाह सुरक्षित और व्यवस्थित रह सके।

जल प्रबंधन और सिंचाई व्यवस्था को मिलेगा मजबूती

जल संसाधन विभाग की इस व्यापक योजना से न केवल सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि मानसून के दौरान जल निकासी और शहरी जल प्रबंधन की समस्याओं का स्थायी समाधान भी मिल सकेगा। यह परियोजना शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

निरीक्षण में सामने आई खामियां

जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव भुवन भास्कर ने शनिवार को अधिकारियों के साथ बांध का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बांध के ओवरफ्लो स्ट्रक्चर की स्थिति बेहद खराब पाई गई। उन्होंने निर्माण कार्य में उपयोग हो रही सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच और सभी दस्तावेजों के सही संधारण के निर्देश दिए।

Previous
Next

Related Posts