



जयपुर। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रदेश स्तरीय बैठक का आयोजन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ की अध्यक्षता में किया गया। इस बैठक में मोर्चा के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के बीच संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनावों के लिए रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग की सभी जातियों को भाजपा से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यह भी कहा कि डॉ. भीमराव आंबेडकर को भाजपा सरकार ने ‘पंचतीर्थ’ के माध्यम से सम्मानित कर सच्ची श्रद्धांजलि दी है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संभव हुआ है।
प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जो कार्यकर्ता शून्य से सृजन करता है, वही संगठन की असली ताकत होता है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन विस्तार के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।
वहीं, मोर्चा के प्रभारी अजीत मांडण ने कहा कि आपसी संवाद, समन्वय और सहयोग से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा और पार्टी और अधिक सशक्त बनेगी।
मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष निहालचंद मेघवाल ने बैठक में नवीन दायित्व प्राप्त पदाधिकारियों का परिचय कराया और सभी को संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता भाजपा की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेगा। साथ ही, निकाय एवं पंचायती राज चुनावों में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम का संचालन मोर्चा महामंत्री मुकेश गर्ग ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री ओमप्रकाश जेदिया द्वारा दिया गया।