



जोधपुर। राजस्थान में एसआई भर्ती परीक्षा-2025 शुरू होने से पहले ही परीक्षा सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। परीक्षा प्रश्नपत्रों को सुरक्षित रखने के लिए कोषालय में रखे गए स्टील बॉक्स की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने से प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और पुलिस जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार परीक्षा सामग्री की सुरक्षा में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी दीपक गहलोत ने स्टील बॉक्स को कोषालय में रखते समय उसकी फोटो खींचकर अपने व्हाट्सऐप स्टेटस पर अपलोड कर दी। यह फोटो सामने आते ही शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया और मामले की जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी को दी गई। इसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए कर्मचारी को सस्पेंड कर दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उदयमंदिर थाने में कर्मचारी के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि कहीं इससे परीक्षा की गोपनीयता पर कोई प्रभाव तो नहीं पड़ा।
एडीएम अंजुम ताहिर शमा ने बताया कि एसआई भर्ती परीक्षा के लिए शहर में कुल 111 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। शुक्रवार शाम को प्रश्नपत्रों को स्टील बॉक्स में पैक कर कोषागार में सुरक्षित रखा गया था। इसी दौरान यह लापरवाही हुई।
बताया जा रहा है कि संबंधित कर्मचारी जोधपुर के भोपालगढ़ तहसील स्थित एक सरकारी स्कूल में कंप्यूटर अनुदेशक के पद पर कार्यरत है और फिलहाल डेपुटेशन पर कलक्ट्रेट में तैनात था।
घटना के बाद जिला प्रशासन ने सभी ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी है कि परीक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसा कोई भी कार्य नहीं होना चाहिए जिससे परीक्षा की पारदर्शिता पर सवाल उठें।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2021 की एसआई भर्ती परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के बाद इस बार सरकार पहले से ही सतर्क है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके बावजूद इस तरह की घटना ने परीक्षा प्रणाली पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं।