



जयपुर। राजस्थान में आगामी चुनावों को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। चुनाव आयोग द्वारा कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों को विभिन्न राज्यों में ऑब्जर्वर नियुक्त किए जाने के बाद राज्य सरकार ने उनके स्थान पर संबंधित जिलों और पदों पर कार्यभार संभालने के लिए नए आदेश जारी किए हैं। यह आदेश कार्मिक विभाग (DoP) द्वारा जारी किया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि संबंधित अधिकारी चुनाव ड्यूटी के दौरान या अपने पद पर वापस लौटने तक वैकल्पिक व्यवस्था लागू रहेगी।
आदेश के अनुसार जोधपुर के संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी के चुनाव ड्यूटी पर रहने के दौरान जोधपुर के कलेक्टर आलोक रंजन को संभागीय आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं जैसलमेर में कलेक्टर अनुपमा जोरवाल की अनुपस्थिति में जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी को कलेक्टर का कार्यभार दिया गया है।
इसी प्रकार बाड़मेर जिले में कलेक्टर चिन्मयी गोपाल के चुनाव ड्यूटी पर रहने के दौरान बालोतरा के कलेक्टर सुशील कुमार को बाड़मेर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। बारां में कलेक्टर बाल मुकुंद असावा की अनुपस्थिति में अतिरिक्त जिला कलेक्टर भंवरलाल जानगल (RAS) को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि बूंदी में कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के स्थान पर अतिरिक्त कलेक्टर रामकिशोर मीणा (RAS) को कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य सरकार ने आदेश में यह भी स्पष्ट किया है कि ये सभी अधिकारी चुनाव आयोग के निर्देशों के अनुरूप अपने-अपने क्षेत्रों में समय-समय पर दौरे करेंगे और चुनावी प्रक्रिया के दौरान आवश्यक प्रशासनिक कार्यों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे। यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक संबंधित अधिकारी चुनाव ड्यूटी से वापस नहीं लौटते या अपने पद का कार्यभार पुनः ग्रहण नहीं कर लेते। इस प्रशासनिक फेरबदल से यह सुनिश्चित किया गया है कि चुनाव ड्यूटी के कारण किसी भी जिले में शासन-प्रशासन का काम प्रभावित न हो और विकास कार्यों की गति बनी रहे।
