



जयपुर। जयपुर के चाकसू क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और इसके बाद खुद का गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। वारदात के बाद आरोपी पूरी रात पत्नी की लाश के पास बैठा रहा।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान सुनीता निवासी सांगानेर के रूप में हुई है। उसकी शादी वर्ष 2020 में चाकसू के स्वामी का बास निवासी रामवतार रैगर से हुई थी। दोनों अपने परिवार के साथ रहते थे और आरोपी पिछले काफी समय से बेरोजगार था।
शुक्रवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में आकर रामवतार ने चाकू से पत्नी सुनीता का गला रेतकर हत्या कर दी। संघर्ष के दौरान कमरे में दीवारों और फर्श पर खून फैल गया। हत्या के बाद आरोपी ने खुद भी चाकू से गले पर वार कर आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन डर के कारण वह रुक गया। इसके बाद वह पूरी रात पत्नी की लाश के पास बैठा रहा।
शनिवार सुबह करीब 6 बजे जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो सुनीता की खून से लथपथ लाश पड़ी मिली और पास ही रामवतार बैठा था। घटना की सूचना मिलते ही चाकसू थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने आरोपी पति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। सुनीता के शव को पोस्टमार्टम के लिए CHC चाकसू की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बेरोजगारी के कारण पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। वहीं, मृतका के भाई मुकेश ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हत्या का मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।