Saturday, 04 April 2026

जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: एसआई हनुमान मीणा की मौत, 3 पुलिसकर्मी घायल


जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: एसआई हनुमान मीणा की मौत, 3 पुलिसकर्मी घायल

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। जयपुर-बांदीकुई एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सपोटरा थाना (करौली) में तैनात सब इंस्पेक्टर हनुमान मीणा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो कॉन्स्टेबल समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हादसे के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

यह हादसा सुबह करीब 5 बजे जयपुर ग्रामीण के आंधी थाना क्षेत्र में नांगल बेला गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार में चालक सहित कुल 5 लोग सवार थे।

मेरठ से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, एसआई हनुमान मीणा अपनी टीम के साथ एक केस के सिलसिले में मेरठ गए थे और वहां से दिल्ली होते हुए वापस लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर को नींद की झपकी आने के कारण कार अनियंत्रित होकर ट्रेलर से टकरा गई।

घायल पुलिसकर्मियों का इलाज जारी

हादसे में कॉन्स्टेबल कजोड़ जाट, रामराज बैरवा और रामनरेश मीणा घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को कार से बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए दौसा के रामकरण जोशी राजकीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि हादसे में कार चालक को मामूली खरोंच आई है।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम

घटना की सूचना मिलते ही आंधी थाना प्रभारी गोपाल सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Previous
Next

Related Posts