



जयपुर। जयपुर में शुक्रवार शाम आए तेज अंधड़ ने दो लोगों की जान ले ली। गांधी नगर और जवाहर सर्किल इलाके में हुए अलग-अलग हादसों में एक बाइक सवार और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दोनों घटनाओं ने शहर में तेज हवाओं के खतरनाक असर को उजागर कर दिया।
पहली घटना गांधी नगर के तुलसी मार्ग पर शाम करीब 6 बजे हुई, जब तेज आंधी के चलते एक बिजली का पोल टूटकर सड़क से गुजर रहे बाइक सवार पर गिर गया। मौके पर मौजूद 112 पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए राहगीरों की मदद से घायल को एम्बुलेंस से SMS अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान रामजीलाल (50) निवासी जवाहर नगर के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, वह बिजली पोल से जुड़े कार्य करते थे। परिवार के लिए यह दूसरी बड़ी त्रासदी है।
दूसरी घटना जवाहर सर्किल इलाके में हुई, जहां एक निर्माणाधीन मकान में रखी ग्रेनाइट की भारी पट्टी तेज हवा के कारण गिर गई। इस हादसे में 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। मृतक उसी मकान में कार्यरत नौकर बताया जा रहा है।
तेज आंधी के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़, पोल और होर्डिंग गिरने की घटनाएं सामने आईं। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की है।