



जयपुर। राजस्थान प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी आईएएस किशोर कुमार का 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से गंभीर रूप से बीमार थे और जयपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती थे।
जानकारी के अनुसार, मल्टी ऑर्गन फेल्योर के चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां वे पिछले करीब 15 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। उपचार के दौरान उन्होंने आज अंतिम सांस ली।
किशोर कुमार वर्तमान में राजस्व मंडल में सदस्य के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे खैरथल-तिजारा जिले के कलेक्टर रह चुके थे और परिवहन विभाग में अतिरिक्त आयुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। सहकर्मियों और अधिकारियों ने उन्हें एक कर्मठ, ईमानदार और संवेदनशील अधिकारी के रूप में याद किया।