



जयपुर/सवाई माधोपुर। सवाई माधोपुर जिले में शुक्रवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान लूट के मामले में वांछित दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया।
घटना शाम करीब 6 बजे की है, जब जयपुर के प्रताप नगर थाना पुलिस की टीम सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर क्षेत्र में आरोपियों की तलाश में पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों बदमाश इंदिरा कॉलोनी स्थित एक मकान में छिपे हुए हैं। जैसे ही पुलिस ने दबिश दी, बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने 2 लोडेड पिस्तौल से कुल 3 राउंड फायर किए, जिससे पुलिसकर्मियों को बचाव के लिए छिपना पड़ा। इसके जवाब में पुलिस ने भी 5 राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी हंसराज उर्फ टेंपू (निवासी बाटोदा) के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाद में उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया।
दूसरे आरोपी रोहित धोबी (निवासी शिवाड़) को पुलिस ने मौके से ही हिरासत में ले लिया। दोनों बदमाशों के खिलाफ जयपुर के प्रताप नगर थाने में लूट का मामला दर्ज था और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे।
इस कार्रवाई में हेड कॉन्स्टेबल दशरथ, कॉन्स्टेबल शंकर और कॉन्स्टेबल गणेश सहित पुलिस टीम शामिल रही, जो काफी समय से इन आरोपियों की तलाश कर रही थी। आखिरकार पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से दोनों वांछित बदमाशों को दबोच लिया गया।