Friday, 03 April 2026

डेयरी क्षेत्र को मिलेगा बड़ा विस्तार: ‘सरस’ को राष्ट्रीय ब्रांड बनाने पर सरकार का फोकस


डेयरी क्षेत्र को मिलेगा बड़ा विस्तार: ‘सरस’ को राष्ट्रीय ब्रांड बनाने पर सरकार का फोकस

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

जयपुर। राजस्थान में डेयरी क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में डेयरी सेक्टर के विस्तार, किसानों की आय बढ़ाने और ‘सरस’ ब्रांड को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने को लेकर अहम निर्णय लिए गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत धुरी है, जो किसानों और दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक समृद्धि का आधार बन रहा है। इससे न केवल ग्रामीण परिवारों को आर्थिक संबल मिलता है, बल्कि रोजगार के नए अवसर भी पैदा होते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि राज्य में दुग्ध संग्रहण और प्रसंस्करण अवसंरचना को मजबूत किया जाए और दुग्ध सहकारी समितियों का विस्तार किया जाए।

सरकार ने बजट में राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड के लिए 2000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सरस’ उत्पादों की व्यापक ब्रांडिंग की जाए और इसे राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए प्रयास किए जाएं। साथ ही, राज्य के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सरस आउटलेट खोलने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में गुणवत्ता को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया। मुख्यमंत्री ने दुग्ध उत्पादों में मिलावट के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने के निर्देश दिए और औचक निरीक्षण बढ़ाने के साथ लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके अलावा अत्याधुनिक मिल्क टेस्टिंग मशीन और रियल टाइम मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ‘सहकारिता से समृद्धि’ के लक्ष्य के साथ कार्य कर रही है और डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने से किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का समयबद्ध और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक दुग्ध उत्पादकों को फायदा मिल सके।

बैठक में यह भी बताया गया कि पिछले दो वर्षों में राज्य सरकार के प्रयासों से राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (RCDF) के मुनाफे में वृद्धि हुई है। दुग्ध संग्रहण, प्रसंस्करण क्षमता और उत्पादों के विपणन में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस दौरान पशुपालन एवं डेयरी मंत्री जोराराम कुमावत, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास,आरसीडीएफ की सीएमडी श्रुति भारद्वाज सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous
Next

Related Posts