



जयपुर। राजस्थान में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ।
जैसलमेर और बीकानेर में ओलों की चादर बिछ गई, जबकि अजमेर और ब्यावर में तेज आंधी के कारण पेड़ गिर गए और टीनशेड उड़ गए। नागौर, सीकर, कुचामन-डीडवाना और जालोर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लू का असर फिलहाल खत्म हो गया।
जयपुर में शाम करीब 5:45 बजे अचानक मौसम बदला। तेज आंधी के साथ बारिश हुई और बिंदायका समेत कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। असरपुरा, हीरापुरा नया बस स्टैंड, अजमेर रोड और सिंधी कैंप क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई। तेज हवाओं के चलते सड़कों किनारे लगे होर्डिंग और बोर्ड भी उड़ गए।
बारिश के कारण जयपुर के शास्त्री नगर स्थित टीबी अस्पताल में पानी भर गया, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। 100 बेड के नए वार्ड में बिजली गुल हो गई, जिससे पंखे, लाइट और जरूरी मशीनें बंद पड़ गईं। टीबी जैसे गंभीर मरीजों के लिए यह स्थिति चिंताजनक बनी रही। परिजनों ने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार 6 अप्रैल की शाम से एक नया और मजबूत मौसम सिस्टम सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी, बिजली चमकने और ओलावृष्टि की संभावना है।