



जयपुर। राजस्थान कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लेते हुए जिला कांग्रेस कमेटियों में 37 नेताओं को जिला प्रभारी और इतने ही नेताओं को सह प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति में पार्टी ने अनुभवी नेताओं को जिम्मेदारी देकर संगठनात्मक गतिविधियों को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की रणनीति अपनाई है।
नियुक्त किए गए जिला प्रभारियों में 7 वर्तमान विधायक और 9 पूर्व विधायक शामिल हैं, जिससे साफ है कि पार्टी ने अनुभव और सक्रियता दोनों को प्राथमिकता दी है। ये प्रभारी और सह प्रभारी अपने-अपने जिलों में दौरे करेंगे, संगठन की गतिविधियों की निगरानी करेंगे और प्रदेशाध्यक्ष को नियमित रिपोर्ट सौंपेंगे।
जयपुर जिले की जिम्मेदारी एक बार फिर विधायक रोहित बोहरा को सौंपी गई है। वे पहले भी जयपुर के प्रभारी रह चुके हैं, जिससे उनके अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा। कांग्रेस संगठन के कुल 50 जिलों में से 37 नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि कुछ नेताओं को दो-दो जिलों का प्रभार भी सौंपा गया है।
इन विधायकों को बनाया गया जिला प्रभारी:
रोहित बोहरा, प्रशांत शर्मा, शिमला देवी नायक, हाकम अली खान, पूसाराम गोदारा, जगदीश चंद्र जांगिड़ और अमित चाचाण।
इन पूर्व विधायकों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी:
चेतन डूडी, नसीम अख्तर इंसाफ, रमेश खंडेलवाल, प्रशांत बैरवा, जीआर खटाणा, मीनाक्षी चंद्रावत, हगामी लाल मेवाड़ा, राकेश पारीक और हीरालाल दरांगी को जिला प्रभारी बनाया गया है।
पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन में नई ऊर्जा आएगी और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय बेहतर होगा। साथ ही आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में जुटी हुई है।

