



मालदा/कोलकाता।पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों को बंधक बनाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित कुल 35 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के महज 48 घंटे के भीतर पुलिस ने मुख्य आरोपी मोफक्करुल इस्लाम को बागडोगरा एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया, जहां से वह बेंगलुरु भागने की कोशिश कर रहा था।
मोफक्करुल इस्लाम पेशे से वकील है और कलकत्ता हाईकोर्ट में प्रैक्टिस करता है। वह वर्ष 2011 में AIMIM का उम्मीदवार भी रह चुका है। आरोप है कि उसने 1 अप्रैल को मालदा के सुजापुर में SIR से नाम हटाए जाने के विरोध में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ भाषण दिया, जिसके बाद स्थिति बेकाबू हो गई।
बताया जा रहा है कि उसके भाषण के बाद हजारों की भीड़ उग्र हो गई और कलियाचक स्थित BDO कार्यालय को घेर लिया। प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय के दोनों गेट बंद कर दिए, जिससे अंदर मौजूद 7 न्यायिक अधिकारी करीब 9 घंटे तक बंधक बने रहे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए देर रात करीब 1 बजे सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद भारी सुरक्षा बल की तैनाती में अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए चुनाव आयोग ने जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को सौंप दी है। NIA की एक टीम मौके पर पहुंच चुकी है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना कानून-व्यवस्था और न्यायिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।