Friday, 01 May 2026

टोंक की नई कलक्टर टीना डाबी ने संभाला कार्यभार: आमजन को राहत और त्वरित समाधान पर जोर


टोंक की नई कलक्टर टीना डाबी ने संभाला कार्यभार: आमजन को राहत और त्वरित समाधान पर जोर

ख़बर सुनिए:

0:00
0:00
Audio thumbnail

टोंक। टोंक जिले की नई जिला कलक्टर टीना डाबी ने शुक्रवार जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया और पदभार संभालते ही अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर दीं। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी और लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। जिला कलक्टर टीना डाबी ने कहा कि मुख्यमंत्री संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों का भौतिक सत्यापन कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाएगा, ताकि शिकायतों का केवल औपचारिक नहीं बल्कि वास्तविक समाधान हो।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी जिम्मेदारी से काम करेगा। उन्होंने राज्य सरकार की 25 फ्लैगशिप योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की ‘विकसित ग्राम-विकसित वार्ड’ योजना को उन्होंने एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इसे टोंक जिले में पूरी गंभीरता से लागू किया जाएगा। इस योजना के तहत वर्ष 2047 तक हर गांव और शहरी वार्ड का मास्टर प्लान तैयार कर विकास को गति दी जाएगी, साथ ही डिजिटल मैपिंग के जरिए सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा और ग्रामीण पलायन को कम करने का प्रयास किया जाएगा।

कलक्टर टीना डाबी ने आगामी जनगणना को लेकर भी तैयारी शुरू करने की बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर रणनीति बनाई जाएगी, ताकि अधिकतम लोगों को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा सके। साथ ही, ‘विकसित ग्राम-विकसित वार्ड’ अभियान की भी नियमित समीक्षा की जाएगी।

जिला कलक्टर टीना डाबी ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर टोंक जिले के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिले की प्रमुख समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाएगा और उनके समाधान के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही एक समीक्षा बैठक आयोजित कर योजनाओं की प्रगति का आकलन किया जाएगा।

इस अवसर पर विभिन्न संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी उनका स्वागत किया। रेल लाओ संघर्ष समिति टोंक के अध्यक्ष एवं कांग्रेस कमेटी के जिला महासचिव अकबर खान ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर गुलदस्ता भेंट कर उनका अभिनंदन किया और उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में टोंक जिले का विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा। जिला कलक्टर के कार्यभार ग्रहण के समय अतिरिक्त जिला कलक्टर रामरतन सौकरियां, सीईओ परशुराम धानका, एसडीएम टोंक हुक्मीचंद रोहलानिया, एसडीएम निवाई प्रीति मीना मौजूद रहें। उल्लेखनीय है कि टीना डाबी इससे पूर्व जैसलमेर एवं बाड़मेर जिले में जिला कलेक्टर के रुप में अपनी सेवाएं दे चुकी है।

Previous
Next

Related Posts