



जयपुर। चैत्र शुक्ल पूर्णिमा के पावन अवसर पर रामभक्त हनुमानजी के जन्मोत्सव को लेकर जयपुर शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में शुक्रवार को परकोटे क्षेत्र में 40वीं हनुमत शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 10 प्रमुख हनुमान मंदिरों की झांकियों सहित कुल 43 भव्य झांकियां शामिल होंगी। शोभायात्रा को लेकर प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक व्यवस्थाएं लागू की हैं, जिसके तहत शाम से पुराने शहर के कई बाजारों में ट्रैफिक डायवर्ट रहेगा और पार्किंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
शोभायात्रा रामलीला मैदान से शाम 5 बजे शुरू होगी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ आरती उतारकर इसे रवाना करेंगे। मुख्य रथ में स्वर्ण मंडित हनुमानजी विराजमान रहेंगे, जो पूरे शहर में भ्रमण करेंगे। यह शोभायात्रा शाम 6 बजे सांगानेरी गेट हनुमान मंदिर पहुंचेगी और निर्धारित मार्ग से होते हुए चांदपोल हनुमान मंदिर पर समापन (विसर्जन) होगा।
इस भव्य आयोजन में शहर के 10 प्रमुख हनुमान मंदिरों की आकर्षक झांकियां सजाई गई हैं। कुल 43 झांकियों के साथ नीम करौली बाबा का विशेष रथ भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा। शोभायात्रा के लवाजमे में 1 हाथी, 4 ऊंट, 4 घोड़ी और 4 बैंड शामिल रहेंगे, जो धार्मिक वातावरण को और अधिक भव्य बनाएंगे।
शोभायात्रा का रूट सांगानेरी गेट हनुमान मंदिर से शुरू होकर जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, अजमेरी गेट, इन्द्रा बाजार, सिंह द्वार, खजाने वालों का रास्ता और चांदपोल बाजार होते हुए चांदपोल हनुमान मंदिर तक रहेगा। इस दौरान जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, इन्द्रा बाजार, सिंह द्वार, खजाने वालों का रास्ता और चांदपोल बाजार में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई महत्वपूर्ण डायवर्जन लागू किए हैं। शोभायात्रा के मार्ग पर आने वाले ट्रैफिक को वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जाएगा। बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया और छोटी चौपड़ की ओर जाने वाले वाहनों को अलग-अलग मार्गों जैसे चौड़ा रास्ता, गलता गेट, सुभाष चौक, संसार चंद्र रोड और एमआई रोड की ओर मोड़ा जाएगा। वहीं, टोंक रोड से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जाएगा।
शाम के समय रामगढ़ मोड़, रामगंज चौपड़, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट और संजय सर्किल से मिनी/सिटी बसों और हल्के मालवाहक वाहनों का परकोटे में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों को रामगढ़ मोड़–धोबीघाट–गलता गेट–ट्रांसपोर्ट नगर–घाटगेट–एमआई रोड और अशोका मार्ग से संचालित किया जाएगा। हालांकि, इस दौरान एम्बुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति दी गई है, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की परेशानी न हो।